जालंधर, 24 मार्च : विश्व टी.बी. दिवस के मौके पर आज स्थानीय रेड क्रॉस भवन में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब के सचिव शिवदुलार सिंह (रिटा. आई.ए.एस.) मुख्य अतिथि और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पंजाब के सचिव शिवदुलार सिंह ने कहा कि टी.बी. पूरी तरह इलाज योग्य है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में इसकी जांच और इलाज मुफ्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि टी.बी. के लक्षण होने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में इसकी जांच जरूर करवानी चाहिए। उन्होंने विश्व टी.बी. दिवस के मौके पर लोगों, विशेषकर युवाओं को टी.बी. की बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्प लेने का आह्वान किया।
इससे पहले अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. ने जिला प्रशासन द्वारा टी.बी. के खात्मे के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
सिविल अस्पताल से चेस्ट विशेषज्ञ डा. रघु सभरवाल ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को दो हफ्तों से ज्यादा खांसी हो, भूख कम लगती हो और लगातार वजन घट रहा हो तो उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल में जरूर जांच करवानी चाहिए।
इस मौके पर एच.एम.वी. कॉलेज की विद्यार्थी सीजल ने जहां टी.बी. संबंधी अपने विचार साझा किए, वहीं विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक पेश करके टी.बी. की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाई। समारोह के दौरान टी.बी. के मरीजों को पोषण किटें भी वितरित की गई।
इस मौके पर जिला टी.बी. अधिकारी डा. परमवीर सिंह, स्टेट टी.बी. कोऑर्डिनेटर राविया, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल, जिला टी.बी. कोऑर्डिनेटर शीनू, परमिंदर बेरी, सुरिंदर सिंह काहलों, लेखाकार नेक राम, सुनील कुमार, एडवोकेट राकेश कुमार और इलाके के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
........