• Tuesday, 13 October 2026
Logo Logo
Advertisement
विवाह के लिए दबाव बनाने का आरोप, होटल के कमरे में मिला युवती का शव; हरियाणा निवासी युवक पर हत्या का केस दर्ज

13 Oct 2026 | 74 Views

विवाह के लिए दबाव बनाने का आरोप, होटल के कमरे में मिला युवती का शव; हरियाणा निवासी युवक पर हत्या का केस दर्ज

विवाह के लिए दबाव बनाने का आरोप, होटल के कमरे में मिला युवती का शव; हरियाणा निवासी युवक पर हत्या का केस दर्ज

अमृतसर: विवाह करने से इनकार करने पर युवती की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती का शव थाना मोहकमपुरा के क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे से बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने हरियाणा के करनाल जिले के नीलोखेड़ी निवासी ऋतिक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती के पिता सुखजिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी तरुणप्रीत कौर मार्च 2025 में स्टडी वीजा पर रूस गई थी। वहां उसकी मुलाकात ऋतिक से हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे, लेकिन कुछ समय बाद उनके बीच विवाद रहने लगा। आरोप है कि ऋतिक उनकी बेटी पर विवाह करने के लिए दबाव बनाने लगा और इसी दौरान उसने उसका पासपोर्ट भी फाड़ दिया।

सुखजिंदर सिंह के अनुसार, इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी का व्हाइट पासपोर्ट बनवाया और उसे वापस भारत बुला लिया। कुछ समय बाद ऋतिक भी भारत लौट आया और कथित तौर पर तरुणप्रीत के संपर्क में रहकर उस पर शादी करने के लिए दबाव डालने लगा। परिवार को जब पता चला कि ऋतिक के खिलाफ पहले भी कुछ मामले दर्ज हैं, तो उनकी बेटी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।

पिता ने बताया कि घटना वाली सुबह तरुणप्रीत अपनी एक्टिवा पर घर से यह कहकर निकली थी कि वह क्लास लगाने जा रही है। काफी समय तक वापस न लौटने पर परिवार ने उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

इसी दौरान तरुणप्रीत के मामा के बेटे अमृतपाल सिंह ने परिवार को जानकारी दी कि उसे ऋतिक का व्हाट्सऐप संदेश मिला है, जिसमें बताया गया था कि तरुणप्रीत होटल के कमरा नंबर 105 में है। परिजन जब होटल पहुंचे तो युवती मृत अवस्था में पड़ी मिली। परिवार का आरोप है कि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और गला घोंटकर उसकी हत्या की गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ऋतिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मामले में पुलिस जांच जारी है।

Published on: 13 Oct 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News