अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मुफ्त आवासीय ‘एल्डरली केयर टेकर’ कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने योग्य उम्मीदवारों से मौके का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की
जालंधर, 16 जून: अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग से संबंधित युवाओं के लिए 360 घंटे के आवासीय ‘एल्डरली केयर टेकर’ प्रशिक्षण कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि यह कोर्स पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन, सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग तथा अपोलो मेडस्किल्स लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से करवाया जा रहा है। कोर्स के दौरान प्रशिक्षुओं को जेरियाट्रिक केयर, बुनियादी नर्सिंग, फर्स्ट एड, पोषण, मोबिलिटी सहायता और संचार कौशल के बारे में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि कोर्स पूरी तरह आवासीय है और प्रशिक्षुओं को मुफ्त रहने-सहने, भोजन तथा ट्रेनिंग किट की सुविधा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों को पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन, सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग तथा अपोलो मेडस्किल्स द्वारा संयुक्त प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें अस्पतालों, वृद्ध आश्रमों, होम केयर एजेंसियों और अन्य स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में प्लेसमेंट में सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि कोर्स के लिए केवल अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित वह उम्मीदवार योग्य है, जिन्होंने कम से कम दसवीं या 10+2 पास किया हो। प्रशिक्षण भाई मती दास कॉलेज ऑफ नर्सिंग, गोराया (जिला जालंधर) में करवाया जाएगा।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने योग्य उम्मीदवारों से इस मौके का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह कोर्स कौशल विकास के साथ-साथ स्व-रोजगार और नौकरी के नए रास्ते खोलेगा। अधिक जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर 9811971828 पर संपर्क किया जा सकता है।