अतीक अहमद के बेटे अबान को आज किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक, पिता की कब्र के बगल में तैयार हुई कब्र
प्रयागराज: माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके लिए कब्रिस्तान में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अबान की कब्र उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में तैयार की गई है। इसी कब्रिस्तान में अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, बेटे असद तथा परिवार के अन्य सदस्यों की कब्रें भी मौजूद हैं।
जानकारी के अनुसार, झांसी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को अबान का पार्थिव शरीर प्रयागराज के हटवा गांव स्थित उसकी बुआ परवीन कुरैशी के आवास पर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे। परिवार की परंपरा के अनुसार दफनाने से पहले शव को अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान के मलबे के पास भी ले जाया जाएगा, जिसे प्रशासन ने पहले बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ध्वस्त कर दिया था। इस मौके के लिए मलबे के पास टेंट और शव को सुरक्षित रखने हेतु डीप फ्रीजर की व्यवस्था की गई है।
वहीं, जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने झांसी जेल में बंद अली अहमद और लखनऊ जेल में बंद मोहम्मद उमर को सशर्त पैरोल प्रदान की है। अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोनों भाई कड़ी पुलिस निगरानी में रहेंगे और किसी भी प्रकार की सार्वजनिक गतिविधि या मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे। उन्हें केवल धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले व्यक्ति, अपनी बुआ और भाई अहजम से बातचीत की अनुमति होगी। अंतिम रस्में पूरी होने के तुरंत बाद दोनों को वापस जेल भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है कि गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। बताया गया कि अबान अपने दोस्तों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई से मिलने जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे हादसा हो गया। दुर्घटना में अबान और उसके मित्र की जान चली गई, जबकि अन्य लोग घायल बताए गए हैं।
अबान की मौत के बाद प्रयागराज में उसके अंतिम संस्कार को लेकर व्यापक चर्चा है और बड़ी संख्या में लोगों के जनाजे में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।