• Sunday, 9 August 2026
Logo Logo
Advertisement
पटियाला में एसओआई के ‘भविष्य बचाओ मोर्चा’ को सुखबीर बादल का समर्थन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

08 Aug 2026 | 47 Views

पटियाला में एसओआई के ‘भविष्य बचाओ मोर्चा’ को सुखबीर बादल का समर्थन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

पटियाला में एसओआई के ‘भविष्य बचाओ मोर्चा’ को सुखबीर बादल का समर्थन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

पटियाला: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के बाहर स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसओआई) द्वारा शुरू किए गए ‘भविष्य बचाओ मोर्चा’ के तहत आयोजित छात्र धरने को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब में लगातार सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की।

छात्रों को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि राज्य में 10 से अधिक पेपर लीक होने के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को इस मामले की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने छात्रों से पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक मामलों को स्वीकार करने के बजाय उन्हें छिपाने का प्रयास कर रही है।

सुखबीर बादल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के शासनकाल में अब तक कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों तथा प्रिंसिपलों के पद खाली पड़े हैं। उनके अनुसार, सरकारी कॉलेजों में हजारों स्वीकृत पद अभी तक नहीं भरे गए हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

अकाली दल अध्यक्ष ने घोषणा की कि यदि वर्ष 2027 में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पेपर लीक मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो।

रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर राज्य की सरकारी नौकरियों में पंजाबियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि निजी क्षेत्र में भी पंजाब के युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए नीतियां बनाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार योग्य बनाने के लिए एक विश्व स्तरीय स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी, जहां उद्योग जगत के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके अलावा युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की योजना भी लागू की जाएगी।

इस अवसर पर अकाली दल और एसओआई के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। छात्र नेताओं ने भी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

 

Published on: 08 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News