Punjab Police की ओर से बटाला में जालंधर रोड पर लगाए गए स्पेशल नाके के दौरान एक स्विफ्ट कार से बड़ी मात्रा में चंडीगढ़ ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब को कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में चंडीगढ़ ब्रांड की शराब बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को कार सहित हिरासत में ले लिया।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी विक्रम ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
वहीं बटाला के शराब ठेकेदार के मैनेजर सुखराज ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सीधे तौर पर पंजाब सरकार को राजस्व का नुकसान होता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध शराब सप्लाई के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।