• Tuesday, 22 September 2026
Logo Logo
Advertisement
चीन कृत्रिम सूरज बना रहा है और हमारे प्रधानमंत्री बच्चों पर एफआईआर करवाने में व्यस्त हैं: केजरीवाल

05 Aug 2026 | 62 Views

चीन कृत्रिम सूरज बना रहा है और हमारे प्रधानमंत्री बच्चों पर एफआईआर करवाने में व्यस्त हैं: केजरीवाल

चीन कृत्रिम सूरज बना रहा है और हमारे प्रधानमंत्री बच्चों पर एफआईआर करवाने में व्यस्त हैं: केजरीवाल

 

एक बारिश में शहरों का बुरा हाल हो जाता है, चारों ओर कूड़ा फैला रहता है; देश को दूरदर्शी और बड़ी सोच वाले प्रधानमंत्री की जरूरत

 

नई दिल्ली, 30 जुलाई 2026।

 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाने के आरोप में छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एक ओर चीन कृत्रिम सूरज बनाने जैसी उन्नत तकनीक पर काम कर रहा है, जबकि दूसरी ओर देश में छोटे बच्चों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात सामने आ रही है।

 

गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी करते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश को अब एक दूरदर्शी और बड़ी सोच वाले प्रधानमंत्री की जरूरत है, जो भविष्य की तकनीक, बुनियादी ढांचे और देश के विकास पर ध्यान केंद्रित करे।

 

केजरीवाल ने कहा, “एक तरफ चीन आर्टिफिशियल सन यानी कृत्रिम सूरज बनाने पर काम कर रहा है और दूसरी तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री उन छोटे-छोटे बच्चों पर एफआईआर कराने में व्यस्त हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ाया।”

 

उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चीन का कृत्रिम सूरज परियोजना परमाणु संलयन (न्यूक्लियर फ्यूजन) के सिद्धांत पर आधारित है। इसके माध्यम से सूर्य की तरह ऊर्जा उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना में प्लाज्मा को नियंत्रित कर स्वच्छ ऊर्जा पैदा करने की योजना है और इसे वर्ष 2030 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

केजरीवाल ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर चीन भविष्य की ऊर्जा और नई तकनीक पर काम कर रहा है, जबकि दूसरी ओर भारत में सड़कें और पुलों जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

 

उन्होंने कहा, “एक बारिश आती है और हमारे शहरों का बुरा हाल हो जाता है। जगह-जगह जलभराव हो जाता है और चारों तरफ कूड़ा फैला दिखाई देता है।”

 

आप संयोजक ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सांसदों और विधायकों को खरीदने, राजनीतिक दलों को तोड़ने तथा लोगों के वोट कटवाने और फर्जी वोट जुड़वाने जैसे कामों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों के बजाय देश के विकास, आधुनिक तकनीक, बेहतर बुनियादी ढांचे और भविष्य की योजनाओं पर ध्यान देना चाहिए।

 

केजरीवाल ने कहा कि देश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जिसकी सोच दूरदर्शी हो और जो भारत को विज्ञान, तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा तथा आधुनिक विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए ठोस योजनाओं के साथ काम करे।

Published on: 05 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News