फूड डिलीवरी में देरी पर विवाद बना डकैती कांड, फैक्ट्री में घुसकर मजदूरों पर हमला, ₹4.65 लाख लूटे
जनता नगर के भगवान चौक इलाके में सनसनी, स्विगी डिलीवरी ब्वॉय समेत 7 लोगों पर मामला दर्ज
लुधियाना के जनता नगर स्थित भगवान चौक इलाके में ऑनलाइन फूड डिलीवरी में हुई देरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक वारदात में बदल गया। आरोप है कि एक स्विगी डिलीवरी ब्वॉय ने अपने साथियों के साथ मिलकर फैक्ट्री में घुसकर मजदूरों पर जानलेवा हमला किया, जमकर तोड़फोड़ की और दफ्तर में रखी करीब 4.65 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
फैक्ट्री मालिक कुलभूषण यादव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हर्ष कुमार और उसके छह अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी ‘गंगा प्रोडक्ट्स’ नाम से फैक्ट्री है। 19 अगस्त की रात करीब 9 बजे उनका भतीजा दिव्यांशु जैन फैक्ट्री में मौजूद था। उसने फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के लिए स्विगी ऐप के माध्यम से खाना ऑर्डर किया था। आरोप है कि डिलीवरी ब्वॉय हर्ष कुमार अपने एक साथी के साथ काफी देर से खाना लेकर पहुंचा। जब दिव्यांशु और मजदूरों ने ऑर्डर में हुई देरी का कारण पूछा तो डिलीवरी कर्मी भड़क गए और मजदूरों के साथ गाली-गलौज तथा बहस करने लगे।
बताया गया है कि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और आरोपी वहां से चले गए, लेकिन उन्होंने इसे अपनी बेइज्जती मानते हुए बदला लेने की योजना बना ली। शिकायत के अनुसार, थोड़ी देर बाद हर्ष कुमार अपने कई हथियारबंद साथियों को लेकर फैक्ट्री के बाहर पहुंच गया। आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर फैक्ट्री का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गए।
फैक्ट्री में दाखिल होते ही हमलावरों ने मजदूरों पर तेजधार हथियारों और अन्य घातक वस्तुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूर घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद आरोपियों ने फैक्ट्री कार्यालय में तोड़फोड़ की और दफ्तर की मेज की दराजें तोड़कर उसमें रखी करीब 4 लाख 65 हजार रुपये की नकदी लूट ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता के बयानों, स्विगी डिलीवरी आईडी तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हर्ष कुमार और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला, दंगा, तोड़फोड़, लूटपाट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।