जालंधर में खेलों को बढ़ावा: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गांव सीचेवाल में नए एस्ट्रोटर्फ का किया उद्घाटन
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर के गांव सीचेवाल में संत बाबा अवतार सिंह जी की 38वीं सालाना बरसी के अवसर पर आयोजित समागम में शिरकत करते हुए संत अवतार सिंह मेमोरियल हॉकी स्टेडियम में नए एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ राज्यसभा सांसद बलवीर सिंह सीचेवाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान विकसित किए जाएंगे क्योंकि हॉकी पंजाब की पहचान और गौरव का प्रतीक है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने प्रदेश के खेतों तक 21,000 क्यूसिक पानी पहुंचाया है, जो दो भाखड़ा नहरों के बराबर है। उन्होंने बताया कि सरकार के पर्यावरण अनुकूल प्रयासों से 21 लाख क्यूबिक मीटर भूजल रिचार्ज हुआ है, जिससे कई इलाकों में पानी का स्तर 2 से 4 मीटर तक बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल, अस्पताल, सड़कें और खेल सुविधाएं तैयार की जा रही हैं और अब “रंगला पंजाब” के रंग पूरे राज्य में दिखाई देने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और पैगंबरों की धरती है, जहां भाईचारे और प्रेम की परंपरा सदियों से कायम है।
गुरबाणी की पंक्ति “पवणु गुरू पानी पिता माता धरति महतु” का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों को बचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव ला रही है। उन्होंने बताया कि राज्यभर में लगभग 1,000 आम आदमी क्लिनिक शुरू किए गए हैं, जहां करोड़ों लोग मुफ्त इलाज और दवाइयों का लाभ उठा चुके हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने “मावां-धीयां सत्कार योजना” और “मुख्यमंत्री सेहत योजना” का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान करेगी, जबकि सभी 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिनके तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने संत बाबा अवतार सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने मानवता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।