कनाडा में भारतीय छात्रा की हत्या से सनसनी, नियाग्रा में चाकू मारकर की गई हत्या
कनाडा के नियाग्रा इलाके में गुजरात की 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि कल्पेशभाई मेघानी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
मृतका गुजरात के आनंद जिले के बोरसद क्षेत्र की रहने वाली थी और पिछले चार वर्षों से कनाडा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दर्दनाक घटना 15 मई को हुई।
स्थानीय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है और न ही हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद कनाडा में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग लगातार पूछ रहे हैं कि क्या कनाडा विदेशी छात्रों, खासकर भारतीय छात्रों के लिए सुरक्षित है। कई लोगों ने भारतीय दूतावास से मामले में सक्रिय हस्तक्षेप की मांग भी की है।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में कनाडा में भारतीय मूल के लोगों और छात्रों के खिलाफ हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। दिसंबर 2024 में हरशदीप सिंह नामक पंजाबी छात्र की एडमॉन्टन में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
भारत से हर साल बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा के लिए कनाडा जाते हैं, लेकिन बढ़ते खर्च और सुरक्षा संबंधी घटनाओं ने छात्रों और उनके परिवारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कनाडा में चार साल की पढ़ाई और रहने का खर्च करीब एक करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
फिलहाल कनाडाई पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और भारतीय समुदाय आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।