जालंधर नॉर्थ में AAP का बड़ा संगठनात्मक बदलाव, दिनेश ढल्ल की जगह मेयर विनीत धीर बने हलका इंचार्ज
जालंधर। आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनावों से पहले जालंधर नॉर्थ हल्के में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए दिनेश ढल्ल को हलका इंचार्ज के पद से हटा दिया है। उनकी जगह जालंधर के मेयर विनीत धीर को नॉर्थ हल्के का नया इंचार्ज नियुक्त किया गया है। यह बदलाव पार्टी की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दिनेश ढल्ल ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जालंधर नॉर्थ सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी के उस समय प्रदेश में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बावजूद वह यह सीट जीतने में सफल नहीं हो सके थे।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और नए नेतृत्व के साथ चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। मेयर विनीत धीर को हलका इंचार्ज बनाए जाने को इस बात का संकेत भी माना जा रहा है कि पार्टी भविष्य में उन्हें जालंधर नॉर्थ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पार्टी के इस फैसले के बाद जालंधर की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जालंधर नॉर्थ से किस चेहरे पर दांव लगाती है।