पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के एक और ऑफिस को निशाना बनाया गया है। संगरूर में पार्टी के जिला ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय की दीवार के ऊपर से फेंककर फरार हो गए। हमले में कार्यालय की दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और आग लगने के निशान मिले हैं।
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। हमले का सही समय सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्पष्ट होगा। SSP नवजोत ग्रेवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस इसे भाजपा कार्यालय को निशाना बनाकर किया गया हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि हमलावरों के मकसद पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी मौके से सैंपल जुटाए हैं। रिपोर्ट के आधार पर विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि की जाएगी।
घटना के बाद कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वालों की निगरानी की जा रही है। भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि सोमवार सुबह केयरटेकर का फोन आया। उसने कार्यालय में आग लगने की जानकारी दी और तस्वीरें भेजीं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचना दी गई। देओल ने कहा कि यह गंभीर सुरक्षा चूक है और पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती है।