कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने ‘खेड़ां वतन पंजाब दीयां-2026 के तहत जिला स्तरीय खेल मुकाबलों की शुरुआत की
कहा, पंजाब सरकार ने खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नशों की समस्या से निपटने के लिए 1800 करोड़ रुपये का बजट रखा
जालंधर, 28 सितंबर : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट कॉलेज, जालंधर में ‘खेड़ा वतन पंजाब दीयां-2026 के तहत जिला स्तरीय खेल मुकाबलों का उद्घाटन किया । खेल प्रेमियों, अधिकारियों और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रदेश भर में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा की जा रही पहल पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नजरिए पर प्रकाश डालते हुए श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बहुत बड़े खेल प्रेमी है और उन्होंने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रत्येक स्तर पर खेलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, चाहे वह फुटबॉल हो, वॉलीबॉल या हॉकी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खेल युवाओं को नशों की दलदल से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते है और एक खिलाड़ी कभी भी नशों में नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि खेल नशों की समस्या को खत्म करने और युवाओं की अथाह ऊर्जा शक्ति को रचनात्मक दिशा में लगाने के लिए सबसे कारगर हथियार है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार द्वारा 1800 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश भर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अति आधुनिक खेल मैदान बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि गांवों के युवा एथलीटों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को पोषण और प्रशिक्षण के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता प्रदान करने वाली सरकार की पहलों पर भी प्रकाश डाला, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी खिलाड़ी आर्थिक तंगी के कारण मौके से वंचित न रह जाए।
जिला प्रशासन और खेल विभाग द्वारा यह प्रोग्राम करवाने पर बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने युवा खिलाड़ियों को आह्वान किया कि वह खेलों में पूरी समर्पण भावना, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लें। रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल ने सोसाइटी की ओर से खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किटें भी सौंपी।
इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम सुमनदीप कौर, जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा, सहायक निदेशक युवा सेवाएं रवी दारा, प्रिंसिपल डा. रणदीप सिंह, वाइस चेयरमैन स्पोर्ट्स वेलफेयर बोर्ड इंद्रप्रती सिंह, ध्यान चंद अवार्डी सुशील कोहली, सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी गुरभगत सिंह संधू, तैराकी कोच उमेश शर्मा, एथलेटिक कोच विक्रमजीत सिंह, तैराकी कोच मंगत सिंह और रेसलिंग कोच रणजीत सिंह भी मौजूद थे।