धान की हर ढेरी की होगी जियो-टैग्ड फोटोग्राफी, जिला मैजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश
जालंधर, 30 सितंबर: पंजाब में धान की खरीद का सीजन 1 अक्तूबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने वाले धान और फर्जी खरीद पर रोक लगाने के लिए जिला मैजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने जालंधर जिले में धान की खरीद के दौरान हर ढेरी की जियो-टैग्ड फोटोग्राफी अनिवार्य करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला मैजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, पंजाब सरकार की हिदायतों के तहत मंडियों में खरीदे जाने वाले प्रत्येक ढेरी की मौके पर जियो-टैग्ड फोटो ली जाएगी। इसका उद्देश्य धान की खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले धान तथा फर्जी खरीद की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से रोकना है।
आदेशों में जिले की सभी खरीद एजेंसियों के स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि धान की खरीद के समय प्रत्येक ढेरी के साथ जियो-टैग्ड फोटोग्राफी करवाना सुनिश्चित किया जाए। यह फोटोग्राफी संबंधित मार्केट कमेटी के स्टाफ द्वारा की जाएगी।
जिला मैजिस्ट्रेट ने सभी खरीद एजेंसियों तथा मंडी बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित हिदायतों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन के इस कदम से धान खरीद प्रक्रिया की निगरानी को और मजबूत करने तथा मंडियों में होने वाली खरीद का मौके पर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी।