### कमलेश विज़न प्रोग्राम की शुरुआत, विद्यार्थियों की आंखों की जांच होगी
Bouri Memorial Educational and Medical Trust ने Innocent Hearts Institutions में ‘कमलेश विज़न प्रोग्राम’ की शुरुआत की है। यह पहल इन्नोसेंट हार्ट्स की संस्थापक स्वर्गीय श्रीमती कमलेश बौरी की जयंती के अवसर पर शुरू की गई।
यह कार्यक्रम स्वर्गीय कमलेश बौरी की दूरदर्शी सोच, शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज सेवा को श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित किया गया है। कार्यक्रम ‘दिशा: एन इनिशिएटिव’ के तहत शुरू किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रोहन बौरी ने बताया कि Innocent Hearts Eye Centre के सहयोग से एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जिसके तहत आने वाले समय में स्कूलों और कॉलेजों की विभिन्न शाखाओं में विद्यार्थियों की आंखों की जांच की जाएगी।
इस पहल का लाभ इन्नोसेंट हार्ट्स के पांच स्कूलों, इन्नोसेंट हार्ट्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन और इन्नोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा। कार्यक्रम के तहत छात्रों की नियमित विज़न स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
विशेषज्ञ डॉक्टरों और ऑप्टोमेट्रिस्ट की टीम कैंपस में ही विद्यार्थियों की आंखों की विस्तृत जांच करेगी। इस दौरान रिफ्रैक्टिव एरर, भेंगापन, आंखों के संतुलन से जुड़ी समस्याएं, एम्बलायोपिया (लेज़ी आई) और डिजिटल आई स्ट्रेन जैसी समस्याओं की पहचान की जाएगी।
जांच के बाद प्रत्येक विद्यार्थी को ‘विज़न स्टेटस कार्ड’ दिया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को आगे उपचार या अतिरिक्त जांच की आवश्यकता होगी, उनके अभिभावकों को सूचित कर उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने कहा कि ‘कमलेश विज़न प्रोग्राम’ सेवा, संवेदनशीलता और देखभाल जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास को बेहतर बनाना है।