करोल बाग में अवैध निर्माण की शिकायत के बाद चला निगम का ‘पीला पंजा’, चेयरमैन सम्राट ने की सराहना
लिखित शिकायत के आधार पर निगम हरकत में आया, बोले सम्राट—सख्ती जारी रही तो रुकेगा अवैध निर्माण
जालंधर: करोल बाग क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर दी गई लिखित शिकायत के बाद नगर निगम हरकत में आया और मौके पर कार्रवाई करते हुए ‘पीला पंजा’ चलाया गया। इस कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन एंड ह्यूमन राइट्स के चेयरमैन सम्राट ने निगम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 5 स्थित करोल बाग में तीन दुकानों के अवैध निर्माण को लेकर शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिना नक्शा पास करवाए और बिना आवश्यक मंजूरी के निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिससे सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा था।
शिकायत के आधार पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण पर रोक लगाई और ‘पीला पंजा’ चलाकर अवैध ढांचे को हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
चेयरमैन सम्राट ने कहा कि निगम द्वारा की गई यह कार्रवाई सराहनीय है और इससे साफ संदेश जाता है कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि निगम इसी तरह अवैध निर्माणों पर लगातार सख्ती करता रहा, तो शहर में इस तरह के मामलों पर जल्द लगाम लगाई जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि कड़ी कार्रवाई से न केवल कानून व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि नगर निगम की छवि भी जनता के बीच सकारात्मक बनेगी। सम्राट ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी निगम इसी तरह सक्रिय रहकर शहर के विकास और नियमों के पालन को सुनिश्चित करेगा।