• Tuesday, 21 April 2026
Logo Logo
Advertisement
नशे की तलब में बेटे ने मां की बेरहमी से हत्या, रातभर लाश के पास बैठा रहा आरोपी

21 Apr 2026 | 8 Views

नशे की तलब में बेटे ने मां की बेरहमी से हत्या, रातभर लाश के पास बैठा रहा आरोपी

पैसे देने से इंकार करने पर वारदात, सुबह हार्ट अटैक बताकर गुमराह करने की कोशिश; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


नशे की लत ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। शिमलापुरी के बसंत नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय बेटे ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर अपनी ही मां की हत्या कर दी।

घटना 18 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। आरोपी परविंदर सिंह उर्फ दीपक नशे की तलब में अपनी मां मनप्रीत कौर से पैसे मांग रहा था। मां ने उसे नशे से दूर रखने के लिए पैसे देने से इंकार कर दिया। इसी बात पर गुस्साए बेटे ने पहले मां से पर्स छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया।

आरोप है कि उसने अपनी मां को मुक्कों और लातों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान छाती पर जोरदार वार से महिला के अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दम घुटने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी पूरी रात अपनी मां की लाश के पास बैठा रहा और रोता रहा। अगली सुबह उसने रिश्तेदारों को फोन कर मौत को हार्ट अटैक बताकर गुमराह करने की कोशिश की। परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, लेकिन मृतका के अलग रह रहे पति को शरीर पर चोटों के निशान और नाक से खून बहता देख शक हुआ।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जांच के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सिविल अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई है कि महिला की मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि गंभीर चोटों के कारण हुई है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। नशे की इस भयावह सच्चाई ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है।

Published on: 21 Apr 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News