• Saturday, 5 September 2026
Logo Logo
Advertisement
शहीद भगत सिंह चौक में दिनदहाड़े हवाई फायरिंग, बाजार में फैली दहशत

04 Sep 2026 | 63 Views

शहीद भगत सिंह चौक में दिनदहाड़े हवाई फायरिंग, बाजार में फैली दहशत

 

शहीद भगत सिंह चौक में दिनदहाड़े हवाई फायरिंग, बाजार में फैली दहशत

जालंधर, 4 सितंबर। शहर के सबसे व्यस्त शहीद भगत सिंह चौक में बुधवार शाम करीब 6:40 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने एक रेडीमेड गारमेंट्स स्टोर के बाहर हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदार सैम शर्मा ने बताया कि घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मुंह ढके हुए दो युवक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहले दुकान के आसपास कई चक्कर लगाते हैं। इसके बाद वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल की ओर से लौटते हैं और दुकान के सामने पहुंचकर हवा में गोली चला देते हैं। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी शहीद ऊधम सिंह चौक की दिशा में फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और ग्राहक घबरा गए। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

सूत्रों के मुताबिक जून माह में एक गैंगस्टर द्वारा संबंधित दुकानदार से कथित तौर पर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि दुकानदार द्वारा रकम देने से इनकार किए जाने के बाद यह घटना सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना को डर और दहशत फैलाने की कोशिश माना जा रहा है।

मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी सुखजिंदर सिंह खैहरा ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावना पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

थाना प्रभारी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Published on: 04 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News