• Tuesday, 8 September 2026
Logo Logo
Advertisement
5 सितंबर को मंत्री मोहिंदर भगत के घर का घेराव करेगी भाजपा, शीतल अंगुराल ने सरकार पर साधा निशाना

08 Sep 2026 | 37 Views

5 सितंबर को मंत्री मोहिंदर भगत के घर का घेराव करेगी भाजपा, शीतल अंगुराल ने सरकार पर साधा निशाना

5 सितंबर को मंत्री मोहिंदर भगत के घर का घेराव करेगी भाजपा, शीतल अंगुराल ने सरकार पर साधा निशाना

जालंधर। जालंधर वेस्ट की पारस कॉलोनी में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मौत के मामले को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने पंजाब सरकार, जिला प्रशासन और स्थानीय कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पर वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने घोषणा की कि 5 सितंबर को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के निवास का घेराव किया जाएगा।

गुरुवार को पीड़िता की मां हरप्रीत कौर के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शीतल अंगुराल ने कहा कि घटना के समय सरकार और प्रशासन ने पीड़ित परिवार से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन 10 महीने बीत जाने और बच्ची की बरसी होने के बावजूद कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो पीड़ित मां को सरकारी नौकरी दी गई और न ही परिवार को वह सहायता मिली, जिसका सार्वजनिक रूप से आश्वासन दिया गया था।

अंगुराल ने कहा कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने, आरोपी को जल्द सख्त सजा दिलाने और परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही थी, लेकिन आज तक इन दावों पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।

भाजपा नेता ने बताया कि हाल ही में बच्ची की बरसी के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में परिवार ने काफी देर तक सरकारी प्रतिनिधियों का इंतजार किया, लेकिन सरकार या प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि संवेदना व्यक्त करने नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें अन्य स्थानों पर तैनात कर दिया गया।

शीतल अंगुराल ने कहा कि पीड़िता के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और मां अकेले बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। बच्ची की मौत के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने कहा कि परिवार को अब केवल अदालत से ही न्याय मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने मीडिया और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे पीड़ित परिवार की आवाज बनें और सरकार को उसके वादों की याद दिलाएं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि यदि परिवार को न्याय और घोषित सहायता नहीं मिली तो 5 सितंबर को मंत्री मोहिंदर भगत के घर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Published on: 08 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News