जालंधर में फर्जी CIA स्टाफ बनकर रेस्टोरेंट में घुसे दो युवक, रिवॉल्वर दिखाकर मालिक को धमकाया
अर्बन एस्टेट फेज-2 में वारदात, .45 बोर की रिवॉल्वर दिखाकर गुरविंदर नामक युवक के बारे में की पूछताछ; CCTV फुटेज पुलिस को सौंपी
जालंधर। अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो अज्ञात युवक खुद को CIA स्टाफ का कर्मचारी बताकर हथियार के बल पर रेस्टोरेंट मालिक को धमकाने लगे। आरोपियों के पास .45 बोर की रिवॉल्वर बताई जा रही है। घटना की CCTV फुटेज पुलिस के उच्च अधिकारियों को सौंप दी गई है।
रेस्टोरेंट मालिक अरुणदीप के अनुसार, उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही रेस्टोरेंट टेकओवर किया था। रविवार रात दो युवक मुख्य गेट से आने के बजाय पीछे स्थित किचन के रास्ते से जबरन अंदर दाखिल हुए। किचन स्टाफ ने जब उनसे आने का कारण पूछा तो उन्होंने खुद को CIA स्टाफ का पुलिसकर्मी बताया।
इसके बाद दोनों युवक बिना अनुमति सीधे बेसमेंट में पहुंच गए, जहां रेस्टोरेंट मालिक बैठा हुआ था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने रिवॉल्वर दिखाकर मालिक से गुरविंदर नाम के युवक के बारे में पूछताछ की।
मालिक ने उन्हें बताया कि उसने हाल ही में रेस्टोरेंट संभाला है और गुरविंदर नाम का कोई व्यक्ति अब वहां काम नहीं करता। इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ बहस शुरू कर दी। जब मालिक ने उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वे कोई ID कार्ड नहीं दिखा सके। आरोप है कि दोनों हथियार दिखाकर उसे डराते रहे और धमकी भरे अंदाज में पूछताछ करते रहे।
तीन महीने में दो बार हो चुका हमला
रेस्टोरेंट मालिक ने शहर में कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसका कहना है कि पिछले तीन महीनों के दौरान अज्ञात लोगों द्वारा उस पर दो बार पहले भी हमला किया जा चुका है। उसे यह जानकारी नहीं है कि रेस्टोरेंट के पूर्व संचालकों का किसी से कोई विवाद था या नहीं।
मालिक के अनुसार, फर्जी पुलिसकर्मी बनकर हथियारों के साथ घूम रहे लोगों की ऐसी घटनाओं से व्यापारी वर्ग में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
पुलिस अधिकारियों को भेजी गई CCTV फुटेज
घटना की CCTV फुटेज पुलिस कमिश्नर, एसीपी वेस्ट और संबंधित थाना एसएचओ को भेजी गई है। फुटेज में दोनों संदिग्ध युवकों के रेस्टोरेंट में प्रवेश करते हुए दिखाई देने की बात कही गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट मालिक के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में भार्गव कैंप क्षेत्र में भी डिवीजन नंबर-5 का CIA अधिकारी बनकर लोगों के घरों में लूटपाट का प्रयास करने के आरोप में एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।