आकाशवाणी भवन में जबरन प्रवेश के आरोप में राहुल गांधी-प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों पर FIR
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके साथ मौजूद INDIA ब्लॉक के अन्य सांसदों के खिलाफ आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के मामले में FIR दर्ज की है। पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
दरअसल, मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसद सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों को बाद में आकाशवाणी भवन परिसर से बाहर जाने के लिए कहा गया। पुलिस ने चेतावनी दी थी कि परिसर में रातभर धरना जारी रखने की अनुमति नहीं है और आदेश का पालन नहीं करने वालों को हिरासत में लिया जाएगा।
बताया गया कि पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद कुछ नेता आकाशवाणी भवन के रिसेप्शन गेट से परिसर में प्रवेश कर गए। राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को बैरिकेड पर चढ़ते हुए भी देखा गया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा परिसर के अंदर एक पेड़ के नीचे बैठे नजर आए।
इससे पहले पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA ब्लॉक के कई नेताओं को हिरासत में लिया था। हालांकि, कुछ घंटों बाद सभी को रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग भी राहुल गांधी के साथ मौजूद थे।
विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर था। विपक्ष ने इस मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की। अब आकाशवाणी भवन में प्रवेश को लेकर दर्ज FIR के बाद राजनीतिक विवाद और बढ़ने की संभावना है।