चंडीगढ़ में युवक की संदिग्ध मौत, कमरे में लहूलुहान मिला बीबीए छात्र
चंडीगढ़ के पटियाला रोड स्थित एक सोसायटी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक अपने कमरे में लहूलुहान हालत में मिला। युवक के सीने पर चाकू के गहरे घाव थे और उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान विक्रम बख्शी के रूप में हुई है, जो डी.ए.वी. कॉलेज, सेक्टर-10 चंडीगढ़ में बीबीए का छात्र था। पुलिस को दिए बयान में उसकी मां सुमन बख्शी ने बताया कि 5 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे विक्रम जिम से घर लौटा था और सीधे अपने कमरे में चला गया। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह बेटे के कमरे में गईं तो वह फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उसके सीने पर चाकू का घाव था और मुंह से भी खून निकल रहा था।
घटना के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने उसे तुरंत वीआईपी रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई की मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की मां ने किसी भी व्यक्ति पर संदेह जताने से इंकार किया है। उनके अनुसार, विक्रम ने स्वयं अपने सीने में चाकू घोंपा था। उन्होंने घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना से भी इनकार किया है।
जांच अधिकारी लाभ सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल, कमरे से बरामद चाकू और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।