अमृतसर में ड्रोन से आई 10 किलो हेरोइन बरामद, सीमा पार तस्करी गिरोह का मुख्य सदस्य गिरफ्तार
अमृतसर में काऊंटर इंटेलीजेंस (सी.आई.) ने सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके मुख्य सदस्य को 10 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहिजप्रीत सिंह निवासी गांव जठौल, अमृतसर के रूप में हुई है।
पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर हेरोइन की खेप हासिल कर आगे सप्लाई करता था।
जानकारी के अनुसार, सी.आई. अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि सहिजप्रीत सिंह ने अपने घर के नजदीक ड्रोन के जरिए हेरोइन की बड़ी खेप प्राप्त की है और उसे आगे सप्लाई करने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने उसके घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद हुई।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई सी.आई. अमृतसर द्वारा दो दिन पहले सीमा पार नशा तस्करी से जुड़े एक अन्य गिरोह के चार सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद सामने आई है। उस मामले में पुलिस ने 27 किलो हेरोइन, एक विदेशी आधुनिक .30 बोर पी.एक्स.-5 पिस्तौल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.) अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।