पंजाब में भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू, 13 दिन में 4 हजार KM का सफर; 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचेगी
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने नशे के मुद्दे को लेकर राज्यव्यापी अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल से ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नशे के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर 97149-02027 और ‘नशामुक्त पंजाब’ का पोस्टर भी जारी किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई और इसे जन-आंदोलन में बदलने की बात कही। उन्होंने नशे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात का भी उल्लेख किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब को नशे के संकट से बाहर निकालने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
13 दिन में 4 हजार किलोमीटर, सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा
भाजपा के अनुसार, चार अलग-अलग मार्गों से निकलने वाली यात्राएं करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेंगी। पहली यात्रा पठानकोट से शुरू हुई। इसके बाद फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से भी यात्राएं शुरू की जानी हैं। अभियान का समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन वाली रैली आयोजित किए जाने की जानकारी भाजपा ने दी है।
नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी
भाजपा नेताओं ने अभियान के दौरान पंजाब में नशे, कानून-व्यवस्था और शासन से जुड़े मुद्दों को उठाया है। पार्टी ने इसे सामाजिक जागरूकता अभियान बताया है, जबकि राजनीतिक विश्लेषणों में इसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।भाजपा ने इस अभियान के जरिए नशे से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सामने लाने, युवाओं को नशे से दूर रखने और राज्यभर में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है।