लुधियाना में ट्रैफिक जाम पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, सड़कों और फुटपाथों से हटाया अतिक्रमण
लुधियाना में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर चलाए गए विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
संयुक्त टीम ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरीक्षण कर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर रखे सामान, तख्तों, विज्ञापन बोर्डों और अवैध रेहड़ियों-फड़ियों को हटवाया। अधिकारियों का कहना है कि फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की समस्या बढ़ जाती है।
डीसीपी अरविंद मीणा ने बताया कि शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों से अपील की कि वे सार्वजनिक सड़कों और पैदल यात्रियों के लिए बने फुटपाथों पर कब्जा न करें तथा प्रशासन के साथ सहयोग करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त किया जाएगा, चालान काटे जाएंगे और कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि शहर के व्यस्त रूटों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि आम नागरिकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।