भार्गव कैंप में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पीड़िता और उसकी मां के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
जालंधर के भार्गव कैंप इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म किए जाने के आरोप में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले संबंधी जानकारी देते हुए ए.सी.पी. आतिश भाटिया ने बताया कि पीड़िता का परिवार करीब दो माह पहले ही भार्गव कैंप क्षेत्र में रहने के लिए आया था। इस दौरान बच्ची की पड़ोस में रहने वाले एक युवक से जान-पहचान हो गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि युवक ने एक दिन बच्ची को रात के समय अपने घर बुलाया। शिकायत के मुताबिक वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां के बयानों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है तथा मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।