• Wednesday, 12 August 2026
Logo Logo
Advertisement
रॉयल गेस्ट हाउस हत्याकांड: शादी के दबाव को लेकर विवाद के बाद युवती की मौत, आरोपी गिरफ्तार

12 Aug 2026 | 48 Views

रॉयल गेस्ट हाउस हत्याकांड: शादी के दबाव को लेकर विवाद के बाद युवती की मौत, आरोपी गिरफ्तार

रॉयल गेस्ट हाउस हत्याकांड: शादी के दबाव को लेकर विवाद के बाद युवती की मौत, आरोपी गिरफ्तार

रेलवे रोड स्थित होटल के कमरे से मिला था युवती का शव, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

जालंधर के रेलवे रोड स्थित रॉयल गेस्ट हाउस में लुधियाना की एक युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने जांच के दौरान युवती की मौत के मामले में उसके कथित ब्वॉयफ्रेंड विशु उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि दोनों के बीच हुए विवाद के दौरान युवती की मौत हो गई थी।

थाना 3 के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महेंद्रू मोहल्ला का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका ज्योतिका शर्मा लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार ज्योतिका आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी पहले से विवाहित है और उसकी पत्नी उससे अलग रह रही है।

पुलिस जांच के मुताबिक घटना वाले दिन दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने ज्योतिका के साथ मारपीट की और उसका सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि लुधियाना निवासी ज्योतिका 8 अगस्त को रेलवे रोड स्थित रॉयल गेस्ट हाउस में ठहरी थी। उसे सोमवार सुबह वापस लौटना था। रविवार शाम आरोपी उससे मिलने होटल पहुंचा था। बताया जाता है कि दोनों ने कमरे में समय बिताया और बाद में आरोपी वहां से चला गया।

सोमवार सुबह जब होटल का कर्मचारी चाय देने के लिए कमरे में पहुंचा तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मैनेजर को सूचना दी गई। मास्टर चाबी से कमरा खोला गया तो ज्योतिका का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे तथा कमरे के फर्श पर खून के धब्बे भी पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में मृतका के परिजनों को सूचित किया गया। मृतका की बहन के जालंधर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

Published on: 12 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News