मिठापुर में लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग, मोटरसाइकिल साइड करने को लेकर हुआ विवाद
कुक्की ढाब इलाके में चली गोलियों से फैली दहशत, पुलिस ने शुरू की जांच
जालंधर के मिठापुर स्थित कुक्की ढाब इलाके में लाइसेंसी हथियार से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गली में मोटरसाइकिल साइड करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक रेत-बजरी एवं ट्रांसपोर्ट कारोबारी ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवा में गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल साइड करने को लेकर उनकी एक स्थानीय कारोबारी के साथ कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान कारोबारी ने अपना लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लिया और हवा में फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर एक मामूली विवाद इतना बढ़ कैसे गया कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया जाता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।