डीजीपी पंजाब को हुई शिकायत, मोबाइल जांच से बड़े खुलासों की मांग
जालंधर में कथित अवैध सट्टा और लॉटरी कारोबार को लेकर अब मामला पंजाब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में डीजीपी पंजाब को शिकायत भेजी गई है, जिसमें मांग की गई है कि आरोपों के घेरे में आए मोनू के मोबाइल फोन की गहन तकनीकी जांच करवाई जाए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यदि मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप संपर्क और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच की जाए तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जांच के दौरान कई संदिग्ध लोगों और कथित गैंगस्टरों के फोन नंबर व संपर्क सामने आ सकते हैं।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी या स्पेशल टीम से करवाई जाए ताकि कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
हालांकि अभी तक पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।