• Monday, 18 May 2026
Logo Logo
Advertisement
केजरीवाल ने नीट परीक्षार्थियों से कहा- “अपनी भावनाएं और सुझाव मुझसे साझा करें, हम आपके साथ”

18 May 2026 | 80 Views

केजरीवाल ने नीट परीक्षार्थियों से कहा- “अपनी भावनाएं और सुझाव मुझसे साझा करें, हम आपके साथ”

 

नई दिल्ली, 17 मई 2026:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा रद्द होने से परेशान छात्रों के लिए भावनात्मक समर्थन और संवाद की पहल करते हुए कहा है कि छात्र अपनी भावनाएं और सुझाव सीधे उनके साथ साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र उनके सोशल मीडिया हैंडल पर कमेंट सेक्शन या डायरेक्ट मैसेज (डीएम) के जरिए अपनी बात पहुंचा सकते हैं।

 

अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि नीट परीक्षा रद्द होने के बाद कई छात्र तनाव और अवसाद में हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों की मेहनत और मानसिक स्थिति पर गंभीर असर डालती हैं, लेकिन आत्महत्या जैसा कदम इसका समाधान नहीं है।

 

उन्होंने कहा, “मैं समझ सकता हूं कि पेपर लीक होने पर क्या गुजरती है। मैंने भी आईआईटी और यूपीएससी जैसी परीक्षाएं दी हैं। जब कोई छात्र महीनों मेहनत करता है और बाद में परीक्षा रद्द हो जाती है, तो बहुत दुख होता है। लेकिन हमें मिलकर इसका समाधान निकालना होगा।”

 

केजरीवाल ने बताया कि उन्हें देशभर से छात्रों के फोन कॉल और संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने गोवा, सीकर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरों पर दुख जताया और सभी छात्रों से अपील की कि वे ऐसा कठोर कदम न उठाएं।

 

उन्होंने कहा, “अगर आप डिप्रेशन में हैं या तनाव महसूस कर रहे हैं, तो अपनी भावनाएं मेरे साथ साझा कीजिए। मैं हमेशा आपके संपर्क में रहूंगा। आप सब पढ़े-लिखे और समझदार हैं। नीट परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और बेहतर कैसे बनाया जाए, इस पर अपने सुझाव भी भेजिए। हम सभी को मिलकर पेपर लीक की समस्या का समाधान निकालना होगा।”

 

आम आदमी पार्टी ने कहा कि छात्रों का मानसिक स्वास्थ्य और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली दोनों ही बेहद महत्वपूर्ण हैं और इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है।

Published on: 18 May 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News