जालंधर, 18 अप्रैल: शहर के रामा मंडी इलाके में HDFC Bank के ATM पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने तकनीकी छेड़छाड़ और चालाकी का इस्तेमाल कर एक महिला के खाते से कुछ ही मिनटों में कई बार पैसे निकाल लिए, जिससे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिजनों के साथ ATM से पैसे निकालने पहुंची थी। जैसे ही उन्होंने कार्ड मशीन में डाला, न तो नकदी निकली और न ही कार्ड वापस आया। इसी दौरान मशीन पर चिपका एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर उनके लिए जाल बन गया।
बताया जा रहा है कि मौके पर पहले से मौजूद कुछ युवकों ने खुद को मददगार बताते हुए पीड़ित परिवार को उस नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। कॉल के दौरान ठगों ने महिला को बातचीत में उलझाए रखा, जबकि उनके साथी ने पास खड़े होकर चालाकी से ATM पिन देख लिया।
इसके बाद आरोपियों ने कार्ड का इस्तेमाल करते हुए खाते से चार बार पैसे निकाल लिए। जब तक परिवार को ठगी का एहसास हुआ, उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आ चुके थे। घबराए परिवार ने तुरंत कार्ड ब्लॉक कराया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 के SHO मौके पर पहुंचे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संदिग्धों की पहचान में जुटी है, जिनमें से एक युवक लाल रंग की टी-शर्ट में बताया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ATM का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद लेने से बचें।