• Sunday, 19 April 2026
Logo Logo
Advertisement
जालंधर: स्कूल के बाहर छात्रों में खूनी झड़प, 8वीं के छात्र पर तेजधार हथियार से हमला

18 Apr 2026 | 22 Views

जालंधर: स्कूल के बाहर छात्रों में खूनी झड़प, 8वीं के छात्र पर तेजधार हथियार से हमला

जालंधर, 18 अप्रैल: शहर के जेपी नगर स्थित Swami Sant Dass Public School के बाहर छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प ने इलाके में दहशत फैला दी। घटना में 8वीं कक्षा का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल के गेट नंबर-4 के बाहर छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे छात्र पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

घायल छात्र की मां के मुताबिक, दोनों छात्रों के बीच कक्षा में हंसी-मजाक को लेकर विवाद हुआ था, जिसे शिक्षक ने सुलझा दिया था। लेकिन छुट्टी के बाद आरोपी छात्र अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उनके बेटे पर हमला कर दिया। घायल छात्र को उसके साथी घर छोड़ गए, जहां परिजन उसे खून से लथपथ हालत में देखकर घबरा गए और तुरंत अस्पताल ले गए। हमले में छात्र के सिर पर गहरी चोटें आई हैं।

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी छात्र और उसके परिवार की ओर से कोई सामने नहीं आया है। वहीं स्कूल प्रबंधन पर भी मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित छात्र के पिता ने दावा किया कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वे न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी और मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

Published on: 18 Apr 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News