जालंधर के गुरसंत नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपनी पूर्व परिचित युवती और उसकी मां पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती ने युवक की शराब की लत और हिंसक व्यवहार के चलते उससे शादी करने से इनकार कर दिया था, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने देर रात उनके घर के बाहर ईंटों से हमला कर दिया।
पीड़ित युवती के अनुसार, आरोपी बंटी, जो जीरो नंबर गली का रहने वाला है, पिछले करीब 2 साल से उसके संपर्क में था। हालांकि, युवक का व्यवहार शुरू से ही हिंसक था और वह पहले भी युवती के साथ मारपीट कर चुका था। युवती ने उसे साफ तौर पर कहा था कि यदि वह शराब छोड़कर खुद को सुधार लेगा, तभी वह उससे आगे बात करेगी।
देर रात नशे में किया हमला
युवती ने बताया कि आरोपी में कोई सुधार नहीं आया और वह देर रात शराब के नशे में धुत होकर उनके घर पहुंच गया। वहां उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर ईंटों से हमला कर दिया। अपनी बेटी को बचाने आई मां के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की और मारपीट की।
मोहल्ले में मचा हंगामा
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी बदसलूकी की। आरोप है कि उसने युवती की सहेलियों और पड़ोसियों के साथ भी धक्का-मुक्की की। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अक्सर इलाके में आकर धमकियां देता रहता है और माहौल खराब करता है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। मोहल्ला निवासियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर आरोपी दोबारा इलाके में आया, तो वे खुद उसे पकड़कर सबक सिखाएंगे।