मक़सूदा सब्ज़ी मंडी में चली गोलियां: भाजपा नेता मोनू पुरी घायल, दोनों पक्षों के आरोपों से मामला उलझा
जालंधर के मक़सूदा सब्ज़ी मंडी इलाके में सोमवार को गोलियां चलने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना में भाजपा से जुड़े युवा नेता मोनू पुरी के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, विवाद पुरानी रंजिश को लेकर बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया और गोली चल गई। एक पक्ष का आरोप है कि मोनू पुरी पर भाजपा से जुड़े ही कुछ युवकों ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की, जिससे वह घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। घायल युवक तरुण का कहना है कि मोनू पुरी सुबह से ही कुछ कथित अपराधिक प्रवृत्ति के युवकों को इकट्ठा कर उन पर हमला करने की तैयारी कर रहा था। तरुण के अनुसार, मोनू पुरी ने खुद ही रिवाल्वर निकाली और हाथापाई के दौरान चली गोली उसके अपने पैर में लग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि सीसीटीवी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।