• Friday, 24 July 2026
Logo Logo
Advertisement
नीट पेपर लीक पर सियासत तेज, कांग्रेस-भाजपा छात्रों के आंदोलन से घबराई: बलतेज पन्नू

24 Jul 2026 | 12 Views

नीट पेपर लीक पर सियासत तेज, कांग्रेस-भाजपा छात्रों के आंदोलन से घबराई: बलतेज पन्नू

'आप' का दावा—मान सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ, फरीदकोट मामला नकल का था; युवाओं की आवाज उठाते रहेंगे

चंडीगढ़, 23 जुलाई।

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों विद्यार्थी अपने भविष्य और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और भाजपा उनकी आवाज उठाने के बजाय पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं।

पन्नू ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही हैं। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में पंजाब में किसी भी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि फरीदकोट की घटना पेपर लीक नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के जरिए नकल का मामला था, जिसमें उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर ही रंगे हाथों पकड़ा गया और पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई की।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने शासनकाल में हुए कथित पेपर लीक मामलों पर जवाब देने के बजाय वह जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में 90 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ।

पन्नू ने कहा कि आज देश का युवा न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन भाजपा अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने और कांग्रेस राजनीतिक लाभ लेने में जुटी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी आवाज हर मंच पर उठाती रहेगी।

Published on: 24 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News