पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए विशेष उद्यम किया : विधायक बलकार सिंह
लोगों को श्री गुरु रविदास महाराज जी के समानता, सर्व साझीवाला, भाईचारे और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का दिया न्योता
जिले के गांवों में दिखाई गई विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म
जालंधर, 10 जुलाई : श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रोग्राम के तहत वीरवार रात जिले के गांव बुलंदपुर, रंधावा मसंदा, भोड़ीपुर, रायेवाल, रामनगर और सत्तोवाली में गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई।
गांव बुलंदपुर और रंधावा मसंदा में विशेष तौर पर शिरकत करते हुए हलका विधायक करतारपुर बलकार सिंह ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किया गया है।
श्री बलकार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विशेष रूप से तैयार वैनों पर एलईडी स्क्रीनों के माध्यम से पूरे राज्य के गांवों में श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन और दर्शन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी महान शिक्षाओं, सामाजिक बराबरी, सद्भावना और मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा जिले के गांवों के लिए ऐसी 3 वैन उपलब्ध करवाई गई है और हरेक वैन के माध्यम से रोजाना दो गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि करतारपुर इलाके में भी रोजाना दो गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है।
विधायक बलकार सिंह ने लोगों, विशेषकर युवाओं को डॉक्यूमेंट्री फिल्म के प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाग लेने और श्री गुरु रविदास जी के समानता, सर्व साझीवाला, भाईचारे और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इसी तरह सब डिवीजन नकोदर के गांव भोड़ीपुर, रायेवाल और सब डिवीजन आदमपुर के गांव रामनगर और सत्तोवाली में भी विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई, जिसमें स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।