उम्र संबंधी दस्तावेजों में गड़बड़ी: अंडर-19 क्रिकेटर रोहित यादव पर बीसीसीआई का दो साल का प्रतिबंध
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उम्र संबंधी दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी पाए जाने के बाद बंगाल के युवा लेग स्पिनर रोहित यादव पर दो वर्षों का प्रतिबंध लगा दिया है। हाल ही में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल किया गया था, लेकिन दस्तावेजों की जांच के बाद उनके खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित यादव ने जुलाई में भारतीय अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था। इस दौरे पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट हासिल किए थे और टीम की टेस्ट जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। हालांकि, बाद में उनकी उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच के दौरान कई गंभीर विसंगतियां सामने आईं।
तीन जन्म प्रमाणपत्रों से खुला मामला
जांच के दौरान रोहित यादव के तीन अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्र सामने आए, जिनमें उनकी जन्मतिथि और जन्म वर्ष अलग-अलग दर्ज थे। दस्तावेजों में जन्म वर्ष क्रमशः 2007, 2009 और 2010 पाया गया। इसके अलावा आधार रिकॉर्ड में भी जन्म वर्ष से जुड़ी विभिन्न प्रविष्टियां सामने आईं।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के रिकॉर्ड में रोहित का जन्म वर्ष 2007 दर्ज था, जबकि अन्य सरकारी दस्तावेजों में अलग-अलग वर्षों का उल्लेख पाया गया। इन विरोधाभासी रिकॉर्ड्स के आधार पर उन्हें आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं के लिए अयोग्य माना गया।
सीएबी ने पहले ही लिया था एक्शन
दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने के बाद बंगाल क्रिकेट संघ ने रोहित यादव को अपनी जूनियर टीमों से बाहर कर दिया था। इसके बाद पूरे मामले की रिपोर्ट बीसीसीआई को भेजी गई। जांच पूरी होने के बाद बोर्ड ने रोहित पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है, जिसके चलते वह इस अवधि में घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
बीसीसीआई ने इस फैसले की जानकारी सभी राज्य क्रिकेट संघों को भी भेज दी है।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज से भी बाहर
रोहित यादव को इस महीने के अंत में राजकोट और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे और बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। प्रतिबंध लगने के बाद अब वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
62 खिलाड़ियों पर गिरी गाज
रोहित यादव उन 62 खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें बंगाल क्रिकेट संघ ने उम्र और दस्तावेजों में विसंगतियों के चलते 2026-27 और 2027-28 सत्र के दौरान किसी भी टूर्नामेंट में पंजीकरण या ट्रांसफर के लिए अयोग्य घोषित किया है।
इस सूची में भारत की 2022 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रवि कुमार और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर विशाल भट्टी का नाम भी शामिल है। सीएबी के रिकॉर्ड के अनुसार रवि कुमार की उम्र से जुड़े दस्तावेजों में भी लगभग 45 महीने का अंतर पाया गया है।
सीएबी ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई खिलाड़ियों के जन्म प्रमाणपत्रों और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों की व्यापक जांच के बाद की गई है। संघ ने उम्र संबंधी विसंगतियों वाले खिलाड़ियों की सूची सार्वजनिक करते हुए क्रिकेट में पारदर्शिता बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।