• Monday, 7 September 2026
Logo Logo
Advertisement
अमृतसर एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन की हलचल से हड़कंप, 7 उड़ानें दिल्ली-चंडीगढ़ डायवर्ट

07 Sep 2026 | 72 Views

अमृतसर एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन की हलचल से हड़कंप, 7 उड़ानें दिल्ली-चंडीगढ़ डायवर्ट

अमृतसर एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन की हलचल से हड़कंप, 7 उड़ानें दिल्ली-चंडीगढ़ डायवर्ट

रनवे के आसपास मंडराती दिखीं संदिग्ध उड़ती वस्तुएं, ATC ने जारी किया सुरक्षा अलर्ट

अमृतसर। पंजाब के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में 2 से 4 संदिग्ध ड्रोन अथवा उड़ती हुई वस्तुएं दिखाई देने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया। एहतियातन अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार संदिग्ध उड़ती वस्तुएं गांव रजाला की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती नजर आईं। कुछ समय तक ये रनवे और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्र में मंडराती रहीं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। संभावित खतरे को देखते हुए ATC ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई विमानों का रूट बदल दिया।

इन उड़ानों का बदला गया रूट

  • मलेशिया एयरलाइंस (MH-118) : कुआलालंपुर से अमृतसर आने वाली उड़ान को दिल्ली डायवर्ट किया गया।

  • इंडिगो (6E-5028) : मुंबई से अमृतसर आने वाली उड़ान को चंडीगढ़ भेजा गया।

  • इंडिगो (6E-2045) : दिल्ली से अमृतसर आने वाली उड़ान को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

  • एयर इंडिया (AI-479) : दिल्ली से अमृतसर आने वाली उड़ान को वापस दिल्ली भेज दिया गया।

  • एयर इंडिया (AI-855) : दिल्ली से अमृतसर की उड़ान को भी दिल्ली लौटना पड़ा।

  • इंडिगो (6E-1428) : शारजाह से अमृतसर आने वाली उड़ान को दिल्ली डायवर्ट किया गया।

  • एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX-138) : शारजाह से अमृतसर आने वाली उड़ान को भी दिल्ली भेजा गया।

सीमा के नजदीक होने से बढ़ी संवेदनशीलता

श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर शहर से लगभग 11 किलोमीटर दूर राजा सांसी क्षेत्र में स्थित है। यह पंजाब का सबसे बड़ा और व्यस्त अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा माना जाता है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब स्थित होने के कारण यह एयरपोर्ट सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। सीमा यहां से हवाई दूरी के हिसाब से लगभग 30 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी गई है। अधिकारियों द्वारा संदिग्ध उड़ती वस्तुओं की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है।

Published on: 07 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News