दुकान के ताले तोड़ लाखों का माल और नकदी चोरी, मालिक समेत 7 नामजद
चूहड़पुर रोड स्थित दुकान पर कब्जे के विवाद में वारदात, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जालंधर। चूहड़पुर रोड स्थित एक दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान और नकदी चोरी करने तथा दुकान पर जबरन कब्जा करने की नीयत से तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने दुकान मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह चूहड़पुर रोड पर ‘अरोड़ा फुटवियर’ के नाम से दुकान चलाता है, जहां पतंग-डोर, जूतियां तथा होली के सामान का कारोबार किया जाता है। उसने बताया कि 6 और 7 अगस्त 2026 की दरमियानी रात कुछ लोगों ने दुकान के शटर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा सामान चोरी कर लिया।
शिकायत के अनुसार चोर एक रिवॉल्विंग कुर्सी, चार प्लास्टिक कुर्सियां, एक बड़ा सफेद प्लास्टिक कूलर, एक छोटा लोहे का कूलर, कांच का शोकेस काउंटर, लकड़ी का काउंटर, टेंट वाला टेबल, लोहे का सिंगल दरवाजा तथा दुकान में रखा करीब 15 लाख रुपये मूल्य का पतंग, डोर, जूतियों और होली के सामान का स्टॉक अपने साथ ले गए। आरोप है कि लकड़ी के काउंटर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस वारदात को पंकज, ज्योति, विजय मांडी, पवन मांडी, गौरव कुमार मांडी, सौरव मांडी और अजीत समेत अन्य लोगों ने मिलकर अंजाम दिया। उसके अनुसार उसने यह दुकान करीब 10 लाख रुपये में खरीदी थी, जिसकी राशि किस्तों में अदा की गई थी। पिछले पांच वर्षों से दुकान का कब्जा उसके पास था, लेकिन आरोपी उस पर दुकान खाली करने का दबाव बना रहे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दुकान पर कब्जा हासिल करने की नीयत से आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से ताले तोड़े और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।