• Friday, 15 May 2026
Logo Logo
Advertisement
भगवंत मान सरकार की शिक्षा क्रांति का असर, पंजाब के 416 सरकारी स्कूलों का 12वीं का रिजल्ट रहा 100 प्रतिशत

15 May 2026 | 7 Views

भगवंत मान सरकार की शिक्षा क्रांति का असर, पंजाब के 416 सरकारी स्कूलों का 12वीं का रिजल्ट रहा 100 प्रतिशत

भगवंत मान सरकार की शिक्षा क्रांति का असर, पंजाब के 416 सरकारी स्कूलों का 12वीं का रिजल्ट रहा 100 प्रतिशत

 

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को किया सम्मानित

 

चंडीगढ़, 14 मई 2026:

भगवंत मान सरकार की शिक्षा सुधार नीतियों के तहत पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की 12वीं कक्षा के परिणामों में सरकारी स्कूलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इस वर्ष पंजाब के 416 सरकारी स्कूलों ने 100 प्रतिशत रिजल्ट दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

 

हाल ही में घोषित परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर मेरिट सूची और पास प्रतिशत दोनों में लड़कों को पीछे छोड़ दिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 500 में 500 अंक हासिल करने वाली तीन छात्राओं—सुपनीत कौर, सुहानी चौहान और दिवांशी—को सम्मानित करते हुए कहा कि पंजाब की बेटियां शिक्षा के पुनरुत्थान में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीनों टॉपर छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।

 

मेरिट सूची में सरकारी स्कूलों का दबदबा

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष मेरिट सूची में शामिल 275 विद्यार्थियों में से 122 सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी हैं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में आधुनिक क्लासरूम, बेहतर आधारभूत ढांचा और शिक्षा सुधारों के सफल परिणाम हैं।

 

भगवंत मान ने कहा कि तीनों टॉपर छात्राएं राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी हैं, जो यह साबित करता है कि लड़कियां शिक्षा और खेल—दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

 

उन्होंने कहा, “सभी टॉपर साधारण परिवारों से हैं और मेहनत तथा समर्पण से आगे बढ़ना चाहती हैं। पंजाब सरकार उनके सपनों को पूरा करने में हर संभव सहयोग देगी।”

 

लड़कियों ने फिर मारी बाजी

 

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष लगभग 2.65 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से करीब 2.42 लाख विद्यार्थी पास हुए। कुल पास प्रतिशत 91.46 प्रतिशत रहा।

 

उन्होंने बताया कि लड़कियों का पास प्रतिशत 94.73 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 88.52 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर जिले ने राज्य में सबसे अधिक 96 प्रतिशत पास प्रतिशत दर्ज किया।

 

मेरिट सूची में पटियाला जिला सबसे आगे रहा, जहां 59 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया। कुल मेरिट सूची में शामिल 278 विद्यार्थियों में 217 लड़कियां और 61 लड़के हैं।

 

“लड़कियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं”

 

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि समय ने साबित कर दिया है कि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा में लड़कियों की सफलता सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा प्रमाण है।

 

कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने भारतीय वायुसेना में पायलट बनने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट फॉर गर्ल्स में दाखिला लेने की सलाह दी।

 

उन्होंने कहा कि यह देश की अपनी तरह की इकलौती पूर्णतः आवासीय संस्था है, जहां लड़कियों को रक्षा सेवाओं में कमीशंड अधिकारी बनने के लिए शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां एएफसीएटी, सीडीएस और एसएसबी जैसी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जाती है।

 

इस अवसर पर के.ए.पी. सिन्हा, डॉ. रवि भगत, सोनाली गिरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on: 15 May 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News