CBSE ने जारी किए 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के सैंपल पेपर, छात्रों को तैयारी का मिलेगा बेहतर मौका
मार्किंग स्कीम भी हुई जारी, परीक्षा पैटर्न और उत्तर लिखने की तकनीक समझने में मिलेगी मदद।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के सैंपल पेपर आधिकारिक तौर पर जारी कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अब CBSE की आधिकारिक वेबसाइट से अपने विषय अनुसार सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी सैंपल पेपर्स विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा के प्रश्न पत्र के स्वरूप, प्रश्नों की विविधता और सेक्शन-वाइज संरचना को समझने में मदद करेंगे। वहीं मार्किंग स्कीम के माध्यम से छात्र यह जान सकेंगे कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौरान किस प्रकार अंक दिए जाते हैं और उत्तर लिखने का सही तरीका क्या होना चाहिए। इससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने और कमजोर विषयों पर समय रहते ध्यान देने का अवसर मिलेगा।
CBSE ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मूल्यांकन प्रणाली (Assessment Scheme) और पासिंग क्राइटेरिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बोर्ड की ओर से विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम (डेटशीट) अक्टूबर माह तक जारी किए जाने की संभावना है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष CBSE ने 30 अक्टूबर को बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल घोषित किया था।
ऐसे डाउनलोड करें सैंपल पेपर
छात्र सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध "Sample Question Papers 2026-27" लिंक पर क्लिक करें। अपनी कक्षा और विषय का चयन करने के बाद सैंपल पेपर तथा मार्किंग स्कीम डाउनलोड कर अभ्यास शुरू कर सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सैंपल पेपर्स का नियमित अभ्यास बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।