• Wednesday, 23 September 2026
Logo Logo
Advertisement
कंगनवाल में अवैध लॉटरी-सट्टा अड्डे पर विधायक राजिंदर पाल कौर छीना का छापा, एक आरोपी काबू

23 Sep 2026 | 52 Views

कंगनवाल में अवैध लॉटरी-सट्टा अड्डे पर विधायक राजिंदर पाल कौर छीना का छापा, एक आरोपी काबू

कंगनवाल में अवैध लॉटरी-सट्टा अड्डे पर विधायक राजिंदर पाल कौर छीना का छापा, एक आरोपी काबू


गरीब मजदूरों को निशाना बनाकर चल रहा था कथित सट्टेबाजी का धंधा, पुलिस ने शुरू की नेटवर्क की जांच।


महानगर के कंगनवाल क्षेत्र में अवैध लॉटरी और सट्टेबाजी के कथित अड्डे पर विधानसभा हलका साउथ की विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने औचक छापेमारी कर एक व्यक्ति को मौके से पकड़वाया। विधायक के अचानक पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विधायक ने मौके पर मौजूद व्यक्ति को पुलिस के हवाले करते हुए पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।

मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने बताया कि उन्हें लंबे समय से क्षेत्रवासियों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि संबंधित दुकान पर शाम के समय बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं और वहां अवैध लॉटरी तथा सट्टेबाजी जैसी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में दिहाड़ी मजदूर और प्रवासी परिवार रहते हैं, जिनकी मेहनत की कमाई को लालच देकर ऐसे धंधों में लगाया जा रहा था।

विधायक के अनुसार दुकान के बाहर सामान्य बोर्ड लगाकर अंदर पर्दे की आड़ में कथित रूप से अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि लगभग एक वर्ष पहले भी इसी स्थान को लेकर शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद कार्रवाई की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद गतिविधियां फिर शुरू हो गईं।

छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को कथित रूप से पैसे और पर्चियों के साथ पकड़ा गया। सूचना मिलते ही कंगनवाल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मौके से कुछ नकदी और पर्चियां भी बरामद हुई हैं।

विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने पुलिस अधिकारियों से पूरे नेटवर्क की गहन जांच करने और मामले में शामिल कथित संचालकों एवं वित्तीय सहयोगियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Published on: 23 Sep 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News