फिरोजपुर में AAP नेता की गोलियों से हत्या, बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
ममदोट में वारदात से दहशत, एक अन्य व्यक्ति गंभीर घायल; पुलिस ने आरोपियों की पहचान का किया दावा
फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले के कस्बा ममदोट में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने गोलीबारी कर आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत सिंह की हत्या कर दी। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति हरप्रीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने कार सवार लोगों और बाइक सवारों पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में करीब 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
दूसरे घायल हरप्रीत सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया।
सिविल अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 8 बजे दो घायल व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से गुरप्रीत सिंह की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे व्यक्ति को भी गोली लगी थी और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर किया गया।
मौके पर पहुंचे SSP, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फिरोजपुर के SSP भूपिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को लेकर जांच शुरू कर दी है। वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस हमलावरों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही गोलीबारी के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
चुनावी रंजिश का एंगल सामने आया
SSP भूपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है, हालांकि जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल आरोपियों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच पूरी होने और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ममदोट में दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।