‘क्लीन पंजाब’ अभियान की नूरमहल से शुरुआत, शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी : विधायक इंद्रजीत कौर मान
सफाई कर्मचारियों, पार्षदों और शहरवासियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
नूरमहल/नकोदर (जालंधर), 30 अगस्त। पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘क्लीन पंजाब’ अभियान के तहत नकोदर की विधायक इंद्रजीत कौर मान ने शनिवार को नूरमहल से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत करवाई। इस दौरान सफाई कर्मचारियों, पार्षदों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा शहर को कूड़ा-कचरा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़े के ढेरों को हटाने और गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) को समाप्त करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया गया। लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।
विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि शहर और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य सरकार ने हाल ही में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत 10 दिवसीय सफाई अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य शहरों और कस्बों में कूड़ा फेंकने वाले संवेदनशील स्थलों को खत्म करना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि 8 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकना तथा पहले से चिन्हित कूड़ा स्थलों को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से न केवल शहर सुंदर बनते हैं, बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
विधायक मान ने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके कठिन परिश्रम का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन स्थानों की सफाई की जा चुकी है, वहां दोबारा कूड़ा न डाला जाए ताकि अभियान के सकारात्मक परिणाम लंबे समय तक बने रह सकें।
इस अवसर पर जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र की हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा तथा फिल्लौर विधानसभा क्षेत्र की हलका इंचार्ज हरजोत कौर लोहटिया ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में ‘क्लीन पंजाब’ अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने शहरों को स्वच्छ रखने और अभियान को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू किया गया यह राज्यव्यापी अभियान 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य पंजाब को अधिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है।