जालंधर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, शव जलाने की कोशिश; पुलिस जांच में जुटी
जालंधर के गांव रंधावा मसंदा में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राम प्रकाश पुत्र नावां राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को जलाने का भी प्रयास किया।
परिवार के सदस्य गुरप्रीत माही के अनुसार, राम प्रकाश शनिवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज करवाई गई।
मकसूदां थाना पुलिस के अनुसार रविवार सुबह रंधावा मसंदा स्थित क्रिकेट ग्राउंड के पास राम प्रकाश का शव बरामद हुआ। शव के निकट उनकी साइकिल भी पड़ी मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस जांच में मृतक के चेहरे पर पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के कई निशान पाए गए हैं।
एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
गांव में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह जांच में सहयोग करे।