• Monday, 24 August 2026
Logo Logo
Advertisement
मोहाली में नाबालिग को जिंदा जलाने की कोशिश, 80 फीसदी झुलसी; आरोपी फरार

24 Aug 2026 | 11 Views

मोहाली में नाबालिग को जिंदा जलाने की कोशिश, 80 फीसदी झुलसी; आरोपी फरार

मोहाली में नाबालिग को जिंदा जलाने की कोशिश, 80 फीसदी झुलसी; आरोपी फरार

पंजाब के मोहाली में एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता के परिवार का आरोप है कि एक युवक लंबे समय से उनकी बेटी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था और कई बार उसे परेशान भी कर चुका था। परिवार के अनुसार, इस संबंध में करीब एक महीने पहले पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी, लेकिन उसके बाद भी कथित तौर पर उसने किशोरी का पीछा करना और परेशान करना बंद नहीं किया।

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह आरोपी उनके घर पहुंचा और किशोरी को उसके चाचा के कमरे में बंद कर दिया। विरोध होने पर हाथापाई के बाद उसे वहां से निकाल दिया गया। आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ दोबारा घर पहुंचा। उस समय किशोरी घर में अकेली थी।

परिवार का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने किशोरी को घेर लिया और मुख्य आरोपी ने उस पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को तुरंत फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, किशोरी लगभग 80 फीसदी तक झुलस गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही फेज-8बी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका, घटना के पीछे की वजह और वारदात की पूरी साजिश का पता लगाया जाएगा। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Published on: 24 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News