## जालंधर में ASI पूरन सिंह की बेरहमी से हत्या, सिर पर धारदार हथियारों से हमला
जालंधर के लोहिया खास क्षेत्र में गांव मेहराज वाला रोड पर पूरन सिंह की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक ASI पूरन सिंह, नंद सिंह के बेटे बताए जा रहे हैं और गांव गट्टा मंडी कासू के रहने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, ASI पूरन सिंह मंगलवार रात करीब 10:30 बजे शाहकोट से अपनी ड्यूटी पूरी कर मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मेहराज वाला रोड पर अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि राहगीरों ने घायल अवस्था में पड़े पूरन सिंह को देखा तो उन्होंने अपना मोबाइल फोन खोलकर परिवार का नंबर दिया। इसके बाद राहगीरों ने घटना की सूचना परिवार को दी। परिवार द्वारा उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
घटना की सूचना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा 112 नंबर पर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
थाना प्रमुख सुखजिंदर सिंह खैरा ने बताया कि इलाके के CCTV कैमरों की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने लूटपाट की आशंका से इनकार किया है।
मृतक के परिवार में पत्नी, तीन विवाहित बेटियां और दो बेटे हैं। वहीं, पूरन सिंह के भतीजे का कहना है कि उनके सिर पर दो बार चाकूनुमा धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।