## पत्नी की प्रताड़ना से परेशान युवक ने की आत्महत्या, शादी के 6 महीने बाद उजड़ा परिवार
लुधियाना के थाना बस्ती जोधेवाल क्षेत्र में घरेलू कलह और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक 37 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसने अपने कमरे में छत के पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता रविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की शादी करीब 6 महीने पहले प्रभजोत कौर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। आरोप है कि प्रभजोत कौर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती थी और मनप्रीत को मानसिक रूप से परेशान करती थी।
परिजनों के अनुसार, 19 मई को भी घर में विवाद हुआ, जिसके दौरान पत्नी ने कथित तौर पर मनप्रीत को अपमानित किया और थप्पड़ मारे। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद मनप्रीत गहरे मानसिक तनाव में चला गया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद उसने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और परने का फंदा बनाकर पंखे से लटक गया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह मृत अवस्था में मिला।
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी पत्नी प्रभजोत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।