पंजाब में गांवों से हटेंगे बिजली के खंभे, सतौज से शुरू हुआ अंडरग्राउंड बिजली तारों का प्रोजेक्ट : भगवंत मान
संगरूर, 19 मई:
पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने अपने पैतृक गांव सतौज से बिजली की तारों को जमीन के नीचे डालने (अंडरग्राउंड) के प्रोजेक्ट की शुरुआत की। सरकार का दावा है कि इस पहल से किसानों को राहत मिलेगी और गांवों को बिजली के खंभों तथा ऊपर से गुजरने वाली तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी।
सरकार के अनुसार पायलट प्रोजेक्ट के तहत गांव सतौज में करीब 41 किलोमीटर बिजली केबल जमीन के नीचे बिछाई जाएंगी और 384 बिजली के खंभे हटाए जाएंगे। परियोजना पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें हाई टेंशन और लो टेंशन बिजली लाइनों के साथ उपभोक्ताओं को जोड़ने वाली सर्विस केबल भी अंडरग्राउंड की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से बिजली तारों के कारण होने वाली फसलों में आग लगने की घटनाओं, करंट हादसों और मौसम खराब होने के दौरान बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि ट्रेंचलेस तकनीक के जरिए बिना सड़क खोदे अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को “सतौज मॉडल” बताते हुए दावा किया कि पंजाब गांवों को खंभों और उलझी बिजली तारों से मुक्त करने वाला देश का पहला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य योजनाओं और महिलाओं के लिए प्रस्तावित सहायता योजनाओं का भी जिक्र किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।