क्लाउड पार्टिकल निवेश घोटाला: व्यूनाउ कंपनी के CEO सुखविंदर खरौड़ सहित 5 पर 60 लाख की ठगी का नया केस दर्ज
लुधियाना: अरबों रुपये के चर्चित ‘क्लाउड पार्टिकल’ निवेश घोटाले के काले कारनामे लगातार सामने आ रहे हैं। इस महाठगी के जाल में अब शहर के रसूखदार लोग भी फंसते नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में सराभा नगर थाना पुलिस ने Vuenow Marketing Services Limited के सीईओ सुखविंदर सिंह खरौड़, उनकी पत्नी डिंपल खरौड़ समेत पांच लोगों के खिलाफ 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पूर्व जिला अटॉर्नी (लीगल) मित्तर सेन गोयल की शिकायत पर की गई है।
शिकायत में गोयल ने बताया कि इस ठगी की शुरुआत सुरेश कुमार नाम के व्यक्ति से हुई, जिसने उनकी बहू ऋतु गोयल को भारी मुनाफे का लालच दिया। आरोपियों ने ‘क्लाउड पार्टिकल’ नामक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर यूनिट खरीदने और उसे कंपनी को लीज पर देकर घर बैठे लाखों कमाने का सपना दिखाया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि निवेश पूरी तरह सुरक्षित है और हर महीने बैंक खाते में अच्छा मुनाफा आएगा।
आरोप है कि आरोपियों की बातों में आकर ऋतु गोयल ने जुलाई 2023 से जुलाई 2024 के बीच करीब 54 लाख रुपये निवेश कर दिए। वहीं गोयल की बेटी चारू गुप्ता ने भी 6 लाख रुपये लगाए। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ भुगतान कर निवेशकों का भरोसा जीत लिया, लेकिन बड़ी रकम मिलने के बाद भुगतान बंद कर दिया। जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने कानूनी पचड़ों का हवाला देकर टालमटोल शुरू कर दी।
नेपाल भागने की फिराक में थे खरौड़ दंपति
उल्लेखनीय है कि इस घोटाले की जांच पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है। करीब 3,558 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले में सुखविंदर सिंह खरौड़ और डिंपल खरौड़ को ईडी ने 1 मार्च 2025 को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उस समय गिरफ्तार किया था, जब वे देश छोड़कर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
जांच एजेंसी अब तक इस मामले में करीब 271 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज कर चुकी है। उधर सराभा नगर थाना के एएसआई उमेश कुमार का कहना है कि आरिफ निसार, अरुण कुमार और सुरेश कुमार समेत सभी आरोपियों के खिलाफ जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही इस घोटाले से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।